चाईबासा नगर परिषद की बोर्ड बैठक में उठे शहर की समस्याओं के मुद्दे, समाधान के लिए बनी रणनीति
पश्चिमी सिंहभूम । चाईबासा नगर परिषद के सभागार में बुधवार को परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश की अध्यक्षता में दूसरी बोर्ड बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर की प्रमुख समस्याओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए उनके समाधान के लिए ठोस कदम उठाने पर जोर दिया गया।
बैठक में नगर के सभी 21 वार्डों के पार्षद, उपाध्यक्ष विकास कुमार शर्मा, कार्यपालिका अभियंता संतोषिनी मुर्मू, नगर प्रबंधक लोकेश कुमार सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य शहर में लंबे समय से चली आ रही बुनियादी समस्याओं की पहचान कर उनके समाधान की दिशा तय करना था। पार्षदों ने अपने-अपने वार्ड की समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिन्हें गंभीरता से सुनते हुए लिखित रूप में दर्ज किया गया और जल्द समाधान का आश्वासन दिया गया।
चर्चा के दौरान जोड़ा तालाब क्षेत्र की बदहाल स्थिति, बस स्टैंड की अव्यवस्था, शहर में बढ़ती जाम की समस्या और कचरा प्रबंधन की खराब व्यवस्था जैसे अहम मुद्दे प्रमुख रूप से सामने आए। अधिकारियों ने इन समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात कही।
इसके अलावा, शहर में खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत और पेड़ों की टहनियों की नियमित छंटाई के लिए स्थायी लिफ्टर मशीन खरीदने का प्रस्ताव भी रखा गया। इससे शहर की सफाई व्यवस्था और यातायात सुधारने में मदद मिलने की उम्मीद है।
बैठक के दौरान बस स्टैंड निर्माण को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। बताया गया कि इसके लिए विभागीय स्वीकृति मिल चुकी है और अप्रैल से निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है।
बैठक के अंत में अध्यक्ष नितिन प्रकाश ने सभी पार्षदों और अधिकारियों से बेहतर समन्वय के साथ काम करने की अपील की, ताकि विकास योजनाओं को तेजी से लागू कर शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।





