गोड्डा में अपराधियों के हौसले बुलंद, गोपलाडीह के पास बाइक से युवक पर अंधाधुंध फायरिंग.

सम्पूर्ण भारत , गोड्डा ​गोड्डा जिला मुख्यालय के समीप अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस को खुली चुनौती दी है. नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत एनएच-133 पर गोपलाडीह गांव के पास अज्ञात अपराधियों ने एक बाइक युवक पर जानलेवा हमला करते हुए चार राउंड फायरिंग की. इस गोलीबारी में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है. ​जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक गोड्डा के अमरपुर निवासी असगर अंसारी बताया जा रहा है. वह शनिवार की रात अपने साथी प्रेम टोला निवासी फुरकान के साथ एनएच-133 से गुजर रहा था, तभी घात लगाए अज्ञात युवकों ने उसे निशाना बनाया.

अपराधियों ने एक के बाद एक चार गोलियां चलाईं, जिनमें से असगर अंसारी के पैर में जा लगी. गोली लगते ही वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा, जबकि अपराधी मौके से फरार होने में सफल हो गए।
​घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना प्रभारी दिनेश महली दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायल युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल, गोड्डा में भर्ती कराया है, जहाँ चिकित्सकों द्वारा उसका उपचार किया जा रहा है. शहर के इतने करीब और नेशनल हाईवे पर हुई इस गोलीबारी की घटना से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है. पुलिस अब घटनास्थल व आसपास में जांच कर रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके. फिलहाल हमले के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
क्या कहते है थाना प्रभारी ​गोपलाडीह के पास युवक पर फायरिंग की घटना हुई है. घायल को अस्पताल पहुंचा दिया गया है और उसकी स्थिति फिलहाल स्थिर है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और अपराधियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है, दिनेश महली नगर थाना प्रभारी ने कहा कि जल्द से जल्द पुलिस अपराधियों को गिरफ्तार करेगी।

Share on