नई दिल्ली/ढाका: भारत के पड़ोसी देश बांग्लादेश में अब नई सरकार का गठन हो चुका है. बांग्लादेश राष्ट्रवादी पार्टी (BNP) चीफ और प्रधानमंत्री तारिक रहमान के सत्ता संभालने के बाद से दोनों देशों के बीच रिश्ते सुधर रहे हैं. इसी सिलसिले में आज मंगलवार 7 अप्रैल 2026 को बांग्लादेश के विदेश मंत्री खलीलुर रहमान तीन दिनों के ऑफिशियल दौरे पर नई दिल्ली आ रहे हैं.
जानकारी के मुताबिक उनका फोकस भारत और बांग्लादेश के बीच आपसी रिश्तों को फिर से मजबूत करना है. दौरे के दौरान, रहमान विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ बातचीत करेंगे. इसके अलावा, रहमान की नेशनल सिक्योरिटी एडवाइजर (NSA) अजीत डोवाल और केंद्रीय पेट्रोलियम और नेचुरल गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी से भी मिलने की उम्मीद है. उनका यह दौरा इसलिए अहम माना जा रहा है क्योंकि फरवरी में बांग्लादेश राष्ट्रवादी पार्टी (BNP) की सरकार बनने के बाद यह किसी बांग्लादेशी मंत्री का पहला भारत दौरा है. उनका यह दौरा दोनों देशों के बीच रिश्तों में बदलाव का संकेत दे रहा है. वहीं, पिछली मुहम्मद यूनुस की अंतरिम सरकार के 18 महीने के कार्यकाल के दौरान हिंदू अल्पसंख्यकों पर बढ़ते हमलों और भारत विरोधी बयानबाजी से रिश्तों में तनाव आ गया था. जानकारी के मुताबिक दोनों नेताओं के बीच जिन विषयों पर चर्चा हो सकती है, उनमें बांग्लादेशी नागरिकों के लिए वीजा सर्विस फिर से शुरू करना, एनर्जी कोऑपरेशन बढ़ाना, बॉर्डर मैनेजमेंट सिस्टम को मजबूत करना, नदी के पानी के बंटवारे से जुड़े मामलों को सुलझाना और बिजनेस को आसान बनाने के तरीकों को बढ़ावा देना शामिल है. रहमान के साथ फॉरेन अफेयर्स एडवाइजर हुमायूं कबीर भी भारत आ रहे हैं.





