उपायुक्त ने सदर अस्पताल का निरीक्षण कर किया स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा
चतरा । उपायुक्त कीर्तिश्री ने गुरुवार को जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण से पूर्व उन्होंने सिविल सर्जन कार्यालय स्थित सभा कक्ष में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रगति की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।

उपायुक्त ने आयुष्मान भारत योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर देते हुए सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अधिक से अधिक पात्र लाभुकों को योजना का लाभ सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संविदा आधारित नियुक्ति प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश देते हुए 26 अप्रैल 2026 को लिखित परीक्षा आयोजित कर 30 अप्रैल 2026 तक नियुक्ति पूर्ण करने को कहा।
उपायुक्त ने जीवन तरंगिनी एम्बुलेंस सेवा के लिए टोल फ्री नंबर उपलब्ध कराने के लिए बीएसएनएल के साथ समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया, ताकि आम नागरिकों को आपातकालीन सेवाएं सुलभ हो सकें।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी प्रतापपुर के कार्यों की समीक्षा के दौरान संस्थागत प्रसव और पूर्ण टीकाकरण की धीमी प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए एक माह के भीतर सुधार लाने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने एचपीवी वैक्सीनेशन की संख्या बढ़ाने, टीबी उन्मूलन अभियान के तहत मयूरहंड प्रखंड में 10 दिवसीय विशेष अभियान चलाने तथा ई संजीवनी टेली कंसल्टेशन सेवाओं की प्रगति में सुधार लाने पर विशेष बल दिया। बैठक के बाद उपायुक्त ने सदर अस्पताल के विभिन्न वार्डों और सुविधाओं का निरीक्षण किया एवं मरीजों से बात कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता की जानकारी ली।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त अमरेन्द्र कुमार सिन्हा, सिविल सर्जन डॉ सत्येन्द्र कुमार सिन्हा, जिला योजना पदाधिकारी शिशिर पंडित, उपाधीक्षक डॉ पंकज सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।





