झारखंड

पेसा कानून को लागू करने को लेकर शांति समिति की बैठक

खूंटी । जिले में पेसा कानून को प्रभावित तरीके से लागू करने और जिला स्तरीय शांति समिति के गठन को लेकर शुक्रवार को खूंटी थाना परिसर में शांति समिति की विशेष बैठक हुई।




अनुमंडल पदाधिकारी दीपेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में कहा गया कि पेसा कानून को प्रभावी तरीके से लागू करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। इसे लेकर शांति समिति के सदस्यों को अवगत कराया जा रहा है। माैके पर एसडीओ के कहा कि जिले के सभी अंचल क्षेत्र में शांति समिति का गठन किया जा रहा है, फिर जिला स्तरीय समिति का गठन किया जाएगा। जिला स्तरीय शांति समिति में हिंदू, मुस्लिम, ईसाई और सरना धर्म के प्रतिनिधियों के अलावा निर्वाचित जनप्रतिनिधि, जिला परिषद सदस्य, मुखिया वार्ड सदस्य के अलावा समाज के अन्य प्रबुद्ध लोगों और अगुवा को शामिल किया जाएगा। महिलाओं की भागीदारी भी सुनिश्चित होनी चाहिए।

एसडीपीओ वरुण रजक ने कहा की हाल में जिले में जो घटनाएं हुई हैं, उसमें सोशल मीडिया में गलत तरीके से अफवाहें फैलाई गई, जिससे स्थिति खराब हुई। उन्होंने कहा कि हम सबों की यह जिम्मेवारी है कि जिला में शांति व्यवस्था कायम रहे।

बैठक में नगर पंचायत खूंटी के अध्यक्ष रानी टूटी, उपाध्यक्ष शशांक शेखर, अंचल अधिकारी प्रदीप कुमार, थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह, वार्ड पार्षद अनूप साहू, दिनेश कुमार महतो, भाजपा जिलाध्यक्ष आनंद कुमार, ज्योतिष भगत, जितेंद्र कश्यप सहित बड़ी संख्या में अन्य लोग शामिल थे।
 

Share on