हजारीबाग : हजारीबाग जिले के चरही थाना क्षेत्र में एक सरकारी स्कूल के प्राचार्य पर छात्राओं के साथ छेड़छाड़ करने का गंभीर आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि स्कूल की 12 से अधिक छात्राओं ने पढ़ाई के दौरान शारीरिक छेड़खानी का आरोप लगाया है। मामला सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और अभिभावकों में चिंता बढ़ गई है।
चाइल्ड हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज
पीड़ित छात्राओं के अनुसार, घटना 11 अप्रैल की है। दो छात्राओं ने सबसे पहले चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद मामले की जानकारी बाल संरक्षण से जुड़ी टीम को मिली। सूचना मिलने पर आयोग की टीम चरही पुलिस के साथ स्कूल पहुंची और प्रारंभिक जांच की। जांच के दौरान कई छात्राओं ने आरोपों की पुष्टि की।
बाल कल्याण समिति के समक्ष बयान दर्ज
मामले की गंभीरता को देखते हुए बुधवार को छात्राओं को हजारीबाग स्थित बाल कल्याण समिति (CWC) के पास बयान और गवाही के लिए ले जाया गया। समिति में छात्राओं ने अपनी शिकायत दर्ज कराई। बाल कल्याण समिति में कार्यरत विनीत जैन ने बताया कि चाइल्ड हेल्पलाइन में शिकायत मिलने के बाद प्रक्रिया के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है और चरही थाना को एफआईआर दर्ज करने के लिए कहा गया है।
संगठन ने थाने में आवेदन दिया
इस मामले को लेकर संपूर्ण संकट मोचन संगठन की अध्यक्ष अमीषा प्रसाद ने चरही थाना में लिखित आवेदन दिया है। आवेदन देने के दौरान पंचायत समिति सदस्य आशा राय और शक्ति देवी भी मौजूद थीं। आवेदन में प्राचार्य की भूमिका की जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। अमीषा प्रसाद ने बताया कि संगठन की टीम स्कूल पहुंची थी, जहां जांच के दौरान 24 से अधिक छात्राओं ने प्राचार्य पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया। उन्होंने यह भी दावा किया कि प्राचार्य ने छात्राओं को धमकी दी थी कि अगर घर में बताया तो परिणाम बुरा होगा।
ग्रामीणों-अभिभावकों में बढ़ी चिंता
मामला सामने आने के बाद ग्रामीणों और अभिभावकों में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों ने स्कूल में बच्चों की सुरक्षा को लेकर कड़ी निगरानी की मांग की है। अभिभावकों का कहना है कि स्कूल जैसी जगह पर बच्चों के साथ इस तरह की घटना बेहद गंभीर है और दोषी पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
पुलिस ने जांच शुरू की
चरही थाना प्रभारी कुंदनकांत विमल ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है और स्कूल के अन्य छात्रों व कर्मचारियों से भी पूछताछ की संभावना है।





