झारखंड

बालू अनलोड कर लौटते ट्रैक्टर से टक्कर, दो युवकों की मौत

गढ़वा : गढ़वा जिले में अवैध बालू ढुलाई का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। बुधवार रात गढ़वा थाना क्षेत्र के महुलिया पंचायत में तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रैक्टर ने सड़क किनारे खड़े दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवकों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया।

 

स्कूल के पास हादसा

जानकारी के अनुसार, महुलिया निवासी 26 वर्षीय राहुल चौधरी (पिता बिंदु चौधरी) और 31 वर्षीय नंदलाल राम (पिता महेंद्र राम) बुधवार रात करीब 10:30 बजे महुलिया स्कूल के पास अपनी मोपेड के साथ खड़े थे। दोनों युवक आंबेडकर जयंती को लेकर निकाले गए जुलूस में शामिल होकर घर लौट रहे थे।

रॉन्ग साइड ट्रैक्टर से हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उसी दौरान एक ट्रैक्टर (संख्या JH 14 K 5795) बालू अनलोड कर वापस लौट रहा था। ट्रैक्टर तेज गति में था और गलत दिशा से आ रहा था। इसी दौरान ट्रैक्टर ने सड़क किनारे खड़े दोनों युवकों को जोरदार टक्कर मार दी।

मौके पर ही राहुल की मौत

टक्कर इतनी तेज थी कि राहुल चौधरी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं नंदलाल राम गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों ने तुरंत उसे सदर अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी भी मौत हो गई।

गांव में मातम

हादसे की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। दोनों युवकों की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस को दी गई सूचना

घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। ट्रैक्टर चालक के फरार होने की बात सामने आ रही है। पुलिस ट्रैक्टर को जब्त करने और चालक की पहचान करने की कार्रवाई कर रही है।

अवैध बालू ढुलाई पर सवाल उठे

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि रात के समय क्षेत्र में अवैध बालू ढुलाई लगातार हो रही है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। लोगों ने प्रशासन से इस पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Share on