कुएं से मिला अधेड़ महिला का शव, तिलक समारोह में शामिल होने गई थी

 पलामू : पलामू के मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां तिलक समारोह में शामिल होकर लौट रही एक अधेड़ महिला का शव कुएं से बरामद किया गया। घटना चियांकी चावल मिल के पीछे की है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान शांति देवी (51) के रूप में हुई है, जो चियांकी पंचायत के वार्ड नंबर 8 स्थित सलैया टोला की रहने वाली थीं। जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात गांव में गोतिया परिवार के यहां तिलक समारोह था, जिसमें शांति देवी भी शामिल हुई थीं। रात करीब तीन बजे तक वह कार्यक्रम में मौजूद थीं, लेकिन इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल सका। परिजन रात से ही उनकी तलाश कर रहे थे।

 

सुबह जब लोग घर लौटने वाले रास्ते से गुजर रहे थे, तो कुएं के पास शांति देवी की चप्पल दिखी। शक होने पर जब लोगों ने कुएं में झांककर देखा तो अंदर उनका शव नजर आया। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही सदर थाना के एएसआई समाल अहमद मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद शव को कुएं से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमएमसीएच भेज दिया है।

प्रारंभिक जांच में पुलिस का मानना है कि महिला संभवतः नशे की हालत में थी और घर लौटते समय अनजाने में कुएं में गिर गई। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। परिजनों ने फिलहाल किसी तरह की हत्या की आशंका से इनकार किया है। इधर, ग्रामीणों ने बताया कि करीब डेढ़ साल पहले शांति देवी के ससुर कवलधारी भुइयां की भी इसी कुएं में गिरने से मौत हो चुकी है। इस घटना के बाद गांव में एक बार फिर डर और चिंता का माहौल है। सदर थाना प्रभारी लाल जी ने बताया कि घटना की जानकारी सुबह मिली। प्रथम दृष्टया यह हादसा प्रतीत हो रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

Share on