झारखंड

झारखंड में भीषण गर्मी का कहर, तीन दिन के लिए हीट वेव अलर्ट

रांची  : शहर में अब गर्मी ने अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है। सुबह सूरज निकलते ही धूप में तेज तपिश महसूस होने लगती है। जैसे-जैसे दिन आगे बढ़ता है, गर्मी और बढ़ जाती है। दोपहर में हालात ऐसे हो जा रहे हैं, मानो आसमान से आग बरस रही हो। अब तो सिर्फ दिन ही नहीं, रात में भी उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है।

 

गर्म हवाओं से लू जैसा एहसास

दिन में चल रही गर्म हवाएं लोगों को लू का अहसास करा रही हैं। घर से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। आने वाले दिनों में राहत मिलने के कोई आसार नहीं दिख रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन से चार दिनों में तापमान और तेजी से बढ़ेगा। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री दर्ज किया गया, जो अगले 24 घंटे में करीब 2 डिग्री और बढ़ सकता है।

IMD का अलर्ट, धनबाद में भी दिखेगा असर

मौसम केंद्र रांची ने झारखंड के कई जिलों में अगले तीन दिनों के लिए हीट वेव का येलो अलर्ट जारी किया है। इसमें गढ़वा, पलामू, खूंटी, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम शामिल हैं। हालांकि इसका असर धनबाद और आसपास के इलाकों में भी साफ तौर पर देखने को मिलेगा। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

42 डिग्री तक पहुंचेगा पारा, रात में भी नहीं मिलेगी राहत

मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक सोमवार से अधिकतम तापमान 42 डिग्री तक पहुंच सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान भी 27 से 28 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। इसका मतलब साफ है कि रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली। अप्रैल के आखिर तक तापमान 44-45 डिग्री तक जाने की आशंका जताई गई है, जबकि बारिश सामान्य से कम हो सकती है।

अगले चार दिन का हाल

शनिवार को तापमान 39 डिग्री तक पहुंच सकता है।
रविवार को यह 41 डिग्री रहने का अनुमान है।
सोमवार और मंगलवार को पारा 42 डिग्री तक पहुंच सकता है।

Share on