झारखंड

घर में घुसकर बदमाशों ने बरसाईं गोलियां, मेयर समर्थक की हत्या

धनबाद : जिले के सोनारडीह थाना क्षेत्र में सनसनीखेज वारदात सामने आई। बाइक सवार अपराधियों ने घर में घुसकर जनता मजदूर संघ के नेता और मेयर संजीव सिंह के समर्थक शुभम यादव को गोली मार दी। बताया जा रहा है कि अपराधियों ने उसे तीन गोलियां मारीं और मौके से फरार हो गए।

 

घटना के वक्त शुभम अपने दादा-दादी के साथ घर पर मौजूद था। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया। स्थिति नाजुक होने पर उसे अशर्फी अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही मेयर संजीव सिंह अस्पताल पहुंचे और परिजनों से मुलाकात की। वहीं ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी और सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव भी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

पुलिस के अनुसार, शुभम यादव का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज थे। फिलहाल इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि शुभम यादव को गोली लगने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं मेयर संजीव सिंह ने भी घटना की कड़ी निंदा करते हुए पुलिस से जल्द खुलासा करने की मांग की है।

Share on