तिलक से दो दिन पहले स्कूल बस ने छीन ली युवक की जान
सीवान । सीवान जिले के सिसवन-सीवान मुख्य मार्ग (एसएच-89) पर एमएच नगर थाने के हसनपुरा पेट्रोल पंप के पास शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। स्कूल बस और बाइक की आमने-सामने की जोरदार टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक युवक राजन यादव की शादी तय थी और महज दो दिन बाद यानी 20 अप्रैल को तिलक समारोह होना था। निमंत्रण पत्र बांटने निकला था राजन, लेकिन रास्ते में ही मौत ने उसे हमेशा के लिए रोक लिया। खुशियों से सजा घर पल भर में मातम में बदल गया।
राजन यादव हुसैनगंज थाना क्षेत्र के बघौनी गांव निवासी जनार्दन यादव के पुत्र थे। उनकी शादी की तैयारियां जोरों पर चल रही थीं। गांव में रिश्तेदारों-परिचितों के घर-घर जाकर शादी का निमंत्रण देने के लिए वे अपने पड़ोसी विशाल यादव के साथ बाइक पर निकले थे। दोनों बघौनी गांव के ही रहने वाले थे। सुबह का वक्त था, हसनपुरा की ओर से आ रही स्कूल बस ने उनकी बाइक को सीधे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर लुढ़क गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें सीवान सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने राजन को मृत घोषित कर दिया।
विशाल यादव का इलाज अभी भी चल रहा है।
परिवार के लिए यह हादसा सिर्फ एक दुर्घटना नहीं, बल्कि सपनों का टूटना था। राजन की शादी की खुशियां घर में बसने वाली थीं। तिलक का सामान खरीदा जा चुका था, रिश्तेदार बुलाए जा चुके थे। 20 अप्रैल को होने वाला तिलक समारोह अब शोक सभा में बदल गया है। बघौनी गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। लोग कह रहे हैं, “निमंत्रण बांटने निकला था, लेकिन खुद की विदाई का निमंत्रण ले गया।” परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। मां-पिता का इकलौता सहारा छिन गया। जो घर शादी की तैयारियों से गुलजार था, वह अब सन्नाटे में डूबा हुआ है।
घटना के बाद स्कूल बस का चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक और बस को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।एमएच नगर थाने में मामला दर्ज किया गया है।





