साहिबगंज में आग का कहर: तीनपहाड़ सब्जी मंडी में दर्जनों दुकानें जलीं
साहिबगंज : साहिबगंज जिले के तीनपहाड़ बाजार स्थित सब्जी मंडी में सोमवार की अहले सुबह करीब 3:30 बजे अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी मंडी की कई दुकानें इसकी चपेट में आ गईं। स्थानीय लोगों के अनुसार, आग लगने के बाद देखते ही देखते लगभग एक दर्जन से ज्यादा दुकानें जलकर खाक हो गईं। दुकानों में रखा सामान भी पूरी तरह नष्ट हो गए, जिससे दुकानदारों को भारी नुकसान हुआ है।
आग लगते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और अपने घरों से पानी लाकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थीं कि उस पर काबू पाना संभव नहीं हो सका।
घटना की सूचना मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई। दमकल की पहली गाड़ी ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, बाद में दूसरी गाड़ी भी मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
इस भीषण अगलगी में दुकानदारों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। कई लोगों का पूरा कारोबार जलकर खत्म हो गया, जिससे उनके सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन मामले की जांच में जुटा हुआ है।
गौरतलब है कि साल 2015 में भी इसी सब्जी मंडी में भीषण आग लगी थी, जिसमें पूरी मंडी जलकर खाक हो गई थी। करीब 11 साल बाद एक बार फिर ऐसी बड़ी घटना सामने आई है, जिससे इलाके में दहशत फैल गई है।





