CM सम्राट चौधरी की कैबिनेट बैठक आज, अहम फैसलों पर मुहर की संभावना
पटना : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में बिहार कैबिनेट की दूसरी बैठक आज आयोजित की जाएगी। नई सरकार के गठन के बाद यह महत्वपूर्ण बैठक मानी जा रही है, जिसमें कई अहम प्रस्तावों पर मुहर लगने की संभावना है। बिहार में नई सरकार बनने के बाद यह दूसरी कैबिनेट बैठक होगी। इससे पहले 15 अप्रैल को मुख्यमंत्री बनने के तुरंत बाद पहली बैठक हुई थी, जो मुख्य रूप से औपचारिक थी। 14 अप्रैल को पुरानी सरकार की अंतिम कैबिनेट बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस्तीफा देकर सरकार भंग करने की प्रक्रिया पूरी की थी। इसके बाद नई सरकार का गठन किया गया।
आज शाम 6 बजे मुख्य सचिवालय स्थित मंत्रिमंडल कक्ष में बैठक बुलाई गई है। इसमें दोनों उपमुख्यमंत्री भी मौजूद रहेंगे। फिलहाल सभी विभाग मुख्यमंत्री और दोनों डिप्टी सीएम के पास हैं, क्योंकि अभी कैबिनेट का विस्तार नहीं हुआ है। उम्मीद है कि इस बैठक में प्रशासनिक और विकास से जुड़े कई अहम फैसले लिए जा सकते हैं।
विपक्ष लगातार सरकार पर कैबिनेट बैठक में देरी को लेकर सवाल उठा रहा है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने पहले आरोप लगाया था कि सरकार केवल सत्ता में रहने पर ध्यान दे रही है, जबकि विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
अब सभी की नजर इस बैठक और संभावित कैबिनेट विस्तार पर टिकी है, जिसे जल्द पूरा किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।





