झारखंड में गर्मी से मिलेगी राहत, 24–26 अप्रैल तक बारिश की संभावना
रांची : झारखंड में लगातार बढ़ती गर्मी से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार राज्य में अगले कुछ दिनों में मौसम बदल सकता है। 24, 25 और 26 अप्रैल के बीच कई जिलों में बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है, जिससे तापमान में गिरावट आ सकती है।
भारत मौसम विभाग (आईएमडी) ने गुरुवार के लिए दुमका, जामताड़ा, धनबाद और बोकारो में लू (हीटवेव) का येलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना रहने की संभावना है। लोगों को खासकर दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार 24 से 26 अप्रैल के बीच झारखंड के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और कहीं-कहीं आंधी-तूफान आने की भी संभावना है। इससे तपती गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
पूर्वानुमान के मुताबिक 24 अप्रैल को राज्य के उत्तर-पूर्वी जिलों में बारिश हो सकती है। वहीं 25 अप्रैल को उत्तर-पूर्वी, दक्षिणी और मध्य झारखंड के कुछ हिस्सों में बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने रविवार तक पूरे राज्य में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई है।
आईएमडी रांची के उपनिदेशक अभिषेक आनंद के अनुसार अगले तीन दिनों तक तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा। हालांकि इसके बाद 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलेगी।
पिछले 24 घंटों में पलामू के डाल्टनगंज में सबसे अधिक 43.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा जमशेदपुर और चाईबासा में 42.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ, जो सामान्य से काफी ज्यादा है।
मौसम विभाग ने लू और संभावित आंधी-बारिश को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। लोगों से अपील की गई है कि वे मौसम अपडेट पर नजर रखें और सावधानी बरतें। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को गर्मी और बदलते मौसम से बचाव करने की जरूरत है।





