झारखंड

झारखंड में मौसम ने ली करवट: 13 जिलों में आंधी, बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट

 रांची : झारखंड की राजधानी रांची में सोमवार देर शाम मौसम ने अचानक पलटी मार दी। दिनभर की गर्मी के बाद शाम होते-होते आसमान में काले बादल छा गए और फिर जोरदार बारिश शुरू हो गई। ऐसा लगा जैसे मई नहीं, जुलाई का महीना चल रहा हो। मौसम विभाग के मुताबिक आज भी ऐसा ही सिलसिला जारी रहने वाला है।

 

 

करीब एक घंटे की तेज बारिश ने शहर की हालत बिगाड़ दी। सड़कों पर पानी भर गया, कई जगहों पर नालियां ओवरफ्लो हो गईं। नालों का गंदा पानी सड़कों पर आ गया, जिससे लोगों को चलने में काफी दिक्कत हुई। ऑफिस से लौट रहे लोग और राहगीर खासे परेशान नजर आए।

इस बारिश का असर तापमान पर भी साफ दिखा। कुछ दिन पहले जहां पारा 42 डिग्री के पार पहुंच गया था, वहीं अब इसमें करीब 5 डिग्री की गिरावट आई है। लोगों को गर्मी से राहत तो मिली है, लेकिन मौसम का ये बदला हुआ मिजाज अपने साथ खतरा भी लेकर आया है।

 13 जिलों में आंधी-बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट

मौसम विज्ञान केंद्र ने 5 मई के लिए कई जिलों में चेतावनी जारी की है।
इनमें रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, बोकारो, खूंटी, लोहरदगा, कोडरमा, धनबाद के साथ-साथ दक्षिणी इलाके जैसे पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां शामिल हैं।

इन इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश, 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा और बिजली गिरने की आशंका है। इसे देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

आंधी-तूफान से जनजीवन अस्त-व्यस्त

तेज हवा और बारिश का असर शहर में साफ दिखा। कई जगहों पर पेड़ गिर गए और टहनियां सड़कों पर फैल गईं। इससे ट्रैफिक भी प्रभावित हुआ। तेज हवा के साथ हुई बारिश ने आम जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया।

 10 मई तक ऐसा ही रहेगा मौसम

मौसम विभाग का कहना है कि सिर्फ आज ही नहीं, बल्कि 10 मई तक राज्य के ज्यादातर हिस्सों में बादल छाए रहेंगे। बीच-बीच में बारिश, गरज-चमक और तेज हवा चलने की संभावना बनी रहेगी। इसके लिए यलो अलर्ट भी जारी किया गया है।

आगे और गिर सकता है तापमान

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 5 से 7 मई के बीच तापमान में 2 से 3 डिग्री तक और गिरावट आ सकती है। हालांकि 8 और 9 मई को तापमान लगभग स्थिर रहने की उम्मीद है।  अगले कुछ दिनों का हाल रांची-

  • 5 मई: 32°C / 20°C
  • 6 मई: 31°C / 20°C
  • 7 मई: 33°C / 21°C
  • 8 मई: 33°C / 21°C

Share on