झारखंड में बारिश का असर, 5 डिग्री तक लुढ़का पारा, 10 मई तक येलो अलर्ट
रांची : झारखंड में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश की वजह से राज्यभर में तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। पिछले 24 घंटे के दौरान मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस गिरकर 34°C पर पहुंच गया। वहीं राजधानी रांची में भी करीब 5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई और तापमान 29.4°C रहा।
मौसम विभाग के मुताबिक 6 से 10 मई के बीच रांची समेत राज्य के कई जिलों में बादल छाए रहेंगे। इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश के साथ वज्रपात (बिजली गिरने) की संभावना है। हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। स्थिति को देखते हुए 10 मई तक पीला अलर्ट जारी किया गया है।
पिछले 24 घंटे में तेनुघाट में सबसे ज्यादा 82.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
इसके अलावा कांके में 50.2 मिमी और पश्चिम सिंहभूम में करीब 8 मिमी बारिश हुई।
राज्य के प्रमुख शहरों का अधिकतम तापमान इस तरह रहा : रांची 29.4°C, जमशेदपुर 34.2°C, मेदिनीनगर 34°C, बोकारो 32.5°C, चाईबासा 32.4°C, कोडरमा 31.4°C, गुमला 30.9°C, हजारीबाग 30.7°C, लातेहार 28.2°C, लोहरदगा 28.4°C और खूंटी 30.7°C। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन फिलहाल बारिश और बादलों का असर बना रहेगा।





