अब बिजली संबंधी शिकायत करना हुआ आसान, Jharkhand Bijli Vitran Nigam Limited ने जारी किया नया हेल्पलाइन नंबर
रांची : झारखंड में बिजली से जुड़ी परेशानियों से जूझ रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड यानी JBVNL ने अब उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए नया “जन समस्या निवारण केंद्र” शुरू किया है। इसके साथ ही नया हेल्पलाइन नंबर 9031110120 भी जारी किया गया है, जिस पर सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक शिकायत दर्ज कराई जा सकेगी। JBVNL के इस नए सिस्टम के जरिए बिजली बिल में गड़बड़ी, ट्रांसफॉर्मर खराब होने, बिजली कटौती, लो वोल्टेज और तार से जुड़ी समस्याओं जैसी शिकायतें दर्ज कराई जा सकेंगी। उपभोक्ता फोन के अलावा सीधे शिकायत केंद्र पहुंचकर भी अपनी समस्या बता सकते हैं।
यह नया शिकायत निवारण केंद्र रांची के डोरंडा स्थित कुसई कॉलोनी में शुरू किया गया है। यहां शिकायतों के समाधान के लिए अलग टीम तैनात की गई है। केंद्र में एक सीनियर मैनेजर, मैनेजर और अन्य कर्मचारी मौजूद रहेंगे, जो लोगों की समस्याएं सुनेंगे और उन्हें संबंधित विभाग तक पहुंचाएंगे।
नया केंद्र शुरू होते ही लोगों का रिस्पॉन्स भी देखने को मिला। JBVNL अधिकारियों के मुताबिक पहले ही दिन करीब 100 शिकायतें दर्ज हुईं। इनमें बिजली सप्लाई बाधित होने, बिलिंग गड़बड़ी और बिजली तार बदलने जैसी समस्याएं शामिल थीं। अच्छी बात यह रही कि करीब 30 फीसदी शिकायतों का तुरंत समाधान भी कर दिया गया।
JBVNL अधिकारियों का कहना है कि शिकायत दर्ज कराने का समय सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक इसलिए रखा गया है ताकि नौकरीपेशा लोग भी ऑफिस जाने से पहले या लौटने के बाद आसानी से अपनी शिकायत दर्ज करा सकें। भविष्य में इस केंद्र को 24×7 सेवा में बदलने की भी तैयारी की जा रही है। JBVNL ने साफ किया है कि नए नंबर के साथ-साथ पुराने हेल्पलाइन नंबर भी काम करते रहेंगे। उपभोक्ता 1912, 1800-345-6570 और अन्य उपलब्ध नंबरों पर भी संपर्क कर सकेंगे। JBVNL का कहना है कि इस नई व्यवस्था का मकसद उपभोक्ताओं को जल्दी राहत देना और शिकायत समाधान की प्रक्रिया को आसान बनाना है। राज्य में बिजली उपभोक्ताओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए विभाग लगातार नई सुविधाएं जोड़ने पर काम कर रहा है।





