झारखंड

कोडरमा में टाटा मैजिक से भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार

 कोडरमा : कोडरमा पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक टाटा मैजिक वाहन से अंग्रेजी शराब की खेप बरामद की है।

इस दौरान शराब तस्करी में शामिल दो युवकों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि बरामद शराब को झारखंड से बिहार ले जाने की तैयारी थी। जानकारी के अनुसार, एसपी कुमार शिवाशीष के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी बीच पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि डोमचांच की ओर से सतगावां होते हुए बिहार ले जाने के लिए एक टाटा मैजिक वाहन में शराब की खेप लोड की गई है। सूचना मिलते ही ढाब थाना प्रभारी बमबम कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने ढाब चौक के पास वाहन जांच अभियान शुरू कर दिया।

 

जांच के दौरान लाल रंग की एक टाटा मैजिक को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखते ही चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी और भागने की कोशिश की। हालांकि कुछ दूरी पर वाहन छोड़कर चालक और उपचालक पैदल फरार होने लगे। पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों का पीछा किया और उन्हें दबोच लिया। इसके बाद वाहन की तलाशी ली गई।

 

तलाशी के दौरान टाटा मैजिक से अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप बरामद हुई। पुलिस ने जब चालक और उपचालक से शराब परिवहन से जुड़े दस्तावेज मांगे तो वे कोई वैध कागजात नहीं दिखा सके। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के नालंदा जिले के गिरीयक निवासी 19 वर्षीय चंदन कुमार और नवादा जिले के गोविंदपुर थाना क्षेत्र के दुलारडीह निवासी 24 वर्षीय अमन कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान टाटा मैजिक वाहन समेत कुल 48 बोतल अंग्रेजी शराब जब्त की है। बरामद शराब में 42 बोतल रॉयल स्टैग (750 एमएल) और 6 बोतल आइकोनिक व्हाइट शामिल हैं। जब्त शराब की अनुमानित कीमत भी काफी बताई जा रही है।

 

इस मामले में ढाब थाना में कांड संख्या 04/26 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं और उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।एसपी कुमार शिवाशीष ने कहा कि जिले में अवैध शराब कारोबार, तस्करी और अन्य असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने साफ कहा कि ऐसे कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के दायरे में लाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share on