बद्दी की फार्मा फैक्ट्री में भीषण आग, कोई जनहानि नहीं
काठा गांव स्थित यूनिट में लगी आग, कई केमिकल स्टोर हुए नष्ट दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से टला बड़ा हादसा
हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में बुधवार सुबह एक फार्मास्युटिकल कंपनी की यूनिट में भीषण आग लग गई। आग काठा गांव में स्थित एक फार्मा यूनिट में लगी जहां बड़ी मात्रा में केमिकल और दवाएं स्टोर की गई थीं। आग लगते ही वहां काम कर रहे कर्मचारियों को बाहर निकाला गया और दमकल विभाग को तुरंत सूचित किया गया।
दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। गनीमत यह रही कि घटना में कोई कर्मचारी घायल नहीं हुआ। प्रारंभिक जांच के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी हो सकती है, लेकिन पूरी रिपोर्ट फायर विभाग द्वारा जांच के बाद जारी की जाएगी। फैक्ट्री प्रशासन को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।





