बस्तर की खनिज संपदा को लेकर कांग्रेस का भाजपा पर बड़ा आरोप
छत्तीसगढ़ में खनिज संसाधनों को लेकर एक बार फिर सियासत गर्मा गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि बस्तर की समृद्ध खनिज संपदा को निजी कंपनियों के हवाले किया जा रहा है।
उन्होंने दावा किया कि बैलाडिला की बहुमूल्य खदानें आर्सेलर मित्तल और रुंगटा स्टील जैसी कंपनियों को 50 वर्षों के लिए लीज पर दी गई हैं, जो कि जनहित और क्षेत्रीय विकास के विपरीत है। कांग्रेस का कहना है कि राज्य सरकार मुनाफे में चल रही सार्वजनिक इकाइयों को भी बेच रही है, जिसका एक उदाहरण भिलाई की FSNL यूनिट है, जिसे ₹320 करोड़ में निजी हाथों में सौंप दिया गया, जबकि इसकी सालाना आय ₹100 करोड़ से अधिक थी। कांग्रेस का आरोप है कि यह सबकुछ बिना पारदर्शिता के किया जा रहा है और स्थानीय लोगों को इससे कोई लाभ नहीं हो रहा। कांग्रेस ने इस मुद्दे को लेकर जनता के बीच आंदोलन छेड़ने का ऐलान किया है और सरकार से स्पष्ट जवाब मांगा है कि क्यों राज्य की प्राकृतिक संपदा को धीरे-धीरे बेचा जा रहा है।





