राजनीतिक संकेतों से गर्माया बिहार का सियासी माहौल, LJP(R) ने शुरू किया जनसंपर्क अभियान।
पटना की सड़कों और दीवारों पर इन दिनों एक ही नारा गूंज रहा है — “बिहार का सीएम चिराग चाहिए”। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान को मुख्यमंत्री के रूप में पेश करते हुए समर्थकों ने राजधानी में बड़े-बड़े पोस्टर लगाए हैं। पोस्टरों में लिखा गया है — “बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट”। हालांकि चिराग पासवान ने सार्वजनिक तौर पर मुख्यमंत्री पद की कोई इच्छा नहीं जताई है, लेकिन यह प्रचार अभियान इस बात का संकेत दे रहा है कि पार्टी अब आने वाले विधानसभा चुनावों में खुद को पूरी तरह से विकल्प के रूप में पेश करने की तैयारी में है। जानकारों का मानना है कि यह कदम एनडीए गठबंधन के भीतर अपनी मांगों को लेकर दबाव बनाने की रणनीति हो सकती है। चिराग की पार्टी ने अभी से ही कई जिलों में जनसंपर्क यात्रा शुरू कर दी है, जिसमें युवा वर्ग का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।





