पंजाब
विश्व शिक्षक दिवस पर शिक्षकों को मुख्यमंत्री की अपील – पंजाब की धरोहर बचाएँ
विश्व शिक्षक दिवस के अवसर पर रोपड़ में आयोजित एक राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा केवल पढ़ाने का कार्य नहीं, बल्कि समाज के भविष्य को दिशा देने का सबसे बड़ा साधन है। उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि वे बच्चों को पंजाब की गौरवशाली संस्कृति और इतिहास से परिचित कराएँ।
इस मौके पर 71 शिक्षकों को राज्य स्तरीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षक आने वाली पीढ़ियों को जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनाने में सबसे अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने यह भी घोषणा की कि राज्य में धरोहर मार्ग (हेरिटेज वॉकवे) को पुनर्जीवित किया जाएगा, जिससे बच्चों और युवाओं को ऐतिहासिक धरोहरों से जोड़ने में मदद मिलेगी।





