पश्चिमी सिंहभूम । जिले के आनंदपुर प्रखंड को बालश्रम मुक्त प्रखंड घोषित किया गया है। इस अवसर पर हाईस्कूल मैदान में बाल अधिकार सुरक्षा मंच की ओर से रविवार को कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें मनोहरपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक जगत माझी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम में बताया गया कि प्रखंड के 1261 स्कूल से बाहर बच्चों में से 906 बच्चों को फिर से स्कूल से जोड़ा गया है, जबकि 355 बच्चे माइग्रेशन, मृत्यु या ओवरएज श्रेणी में पाए गए। कार्यक्रम का उद्घाटन विधायक जगत माझी, जिला परिषद सदस्य विजय भेंगरा और प्रमुख दिलवर खाखा ने दीप प्रज्वलित कर किया। जगत माझी ने कहा कि जागरूकता के कारण आनंदपुर बालश्रम मुक्त प्रखंड बन पाया है। उन्होंने कहा कि बच्चों की 12वीं तक पढ़ाई सुनिश्चित करने के लिए सभी मध्य और उच्च विद्यालयों में हॉस्टल बनाए जाएंगे। जरूरत पड़ने पर डीएमएफटी फंड से शिक्षकों की नियुक्ति भी की जाएगी। कार्यक्रम में बाल सुरक्षा मंच के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी रही। इसे शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया गया।
मौके पर प्रभुदयाल जोजो, सुशील डांग, सरविलन तोपनो, जयप्रकाश सिंह, संजीव गंताइत, सिलबिरयूस तिर्की, गोवर्धन सिंह, अब्राहम कंडुलना, सुनील सुरीन, सिलवंती सोय, फूलमनी खाखा, खुशबू कुमारी सहित एस्पायरकर्मी, ग्राम मुंडा, सेविका, स्वयं सहायता समूह के सदस्य, पंचायत प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।





