चतरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: एक करोड़ रुपये की अफीम और डोडा बरामद
चतरा : चतरा पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार तीसरे दिन बड़ी कार्रवाई करते हुए तस्करी के एक बड़े नेटवर्क पर चोट की है। लावालौंग थाना क्षेत्र में की गई छापेमारी में पुलिस ने भारी मात्रा में अफीम, डोडा और पोस्ता दाना बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार अग्रवाल को मिली गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। जानकारी थी कि रिमी पंचायत के खाखर गांव में कुछ लोग अपने घरों में अवैध नशीले पदार्थ जमा कर रखे हैं और उन्हें बाहर बेचने की तैयारी में हैं।
एसडीपीओ सिमरिया शुभम कुमार खंडेलवाल के नेतृत्व में गठित टीम ने चिन्हित घरों में छापेमारी की, जहां से 8 किलो 700 ग्राम गीला अफीम, 3 क्विंटल 70 ग्राम डोडा और 1 क्विंटल 9 किलो पोस्ता दाना बरामद किया गया। जब्त अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी जा रही है।
छापेमारी की भनक मिलते ही सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने अमारिक गंझू, मनोज गंझू, सरजू गंझू, मदन गंझू, विनोद गंझू और पिंटू गंझू के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मौके से आरोपियों के आधार कार्ड भी बरामद किए गए हैं।
इस मामले में लावालौंग थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस लगातार छापेमारी कर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।




