चाईबासा में मुठभेड़: मिसिर बेसरा दस्ता से गोलीबारी, एक जवान घायल
चाईबासा : झारखंड के चाईबासा जिले के सारंडा जंगल में बुधवार को सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हो गई। बताया जा रहा है कि यह मुठभेड़ मोस्ट वांटेड नक्सली मिसिर बेसरा के दस्ते के साथ हो रही है। दोनों ओर से लगातार फायरिंग की जा रही है और खबर लिखे जाने तक रुक-रुक कर गोलीबारी जारी थी। जानकारी के मुताबिक, सुरक्षाबल इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रहे थे। इसी दौरान जंगल में मौजूद नक्सलियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में सुरक्षाबलों ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। देखते ही देखते दोनों ओर से ताबड़तोड़ गोलियां चलने लगीं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सारंडा क्षेत्र में पिछले कई दिनों से नक्सलियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। बुधवार को जब सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन, झारखंड जगुआर और जिला पुलिस की टीम सर्च ऑपरेशन पर निकली थी, तभी जंगल में कैंप बदल रहे नक्सलियों से उनका सामना हो गया। इसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई।
मुठभेड़ के दौरान कोबरा बटालियन का एक जवान गोली लगने से घायल हो गया है। उसे बेहतर इलाज के लिए एयरलिफ्ट करने की तैयारी की जा रही है। सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है और अतिरिक्त बल भी मौके पर भेजे गए हैं।
सूत्रों का कहना है कि जवाबी कार्रवाई में कई नक्सलियों के मारे जाने की संभावना है, हालांकि अभी तक किसी का शव बरामद नहीं हुआ है। इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है। फिलहाल, पूरे सारंडा जंगल क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी है और सुरक्षाबल लगातार ऑपरेशन चला रहे हैं। स्थिति पर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की नजर बनी हुई है।




