बिहार

सम्राट चौधरी ने ली बिहार के 24वें मुख्यमंत्री पद की शपथ, राज्यपाल ने दिलाया पद और गोपनीयता का संकल्प

बिहार : बिहार की राजनीति में नया अध्याय शुरू हो गया है। सम्राट चौधरी ने राज्य के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले ली है। लोकभवन में आयोजित समारोह में जेडीयू कोटे से बिजेंद्र यादव और विजय चौधरी ने भी डिप्टी सीएम पद की शपथ ली। इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी मौजूद रहे।

 

मुख्यमंत्री पद संभालने से पहले सम्राट चौधरी पटना के पंचमुखी हनुमान मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद वे लोकभवन पहुंचे और शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। शपथ से पहले ही उनकी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई थी।

इससे पहले नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। लंबे समय तक बिहार की राजनीति का चेहरा रहे नीतीश करीब 20 साल तक मुख्यमंत्री पद पर रहे। अब वे राज्यसभा सदस्य के रूप में अपनी नई भूमिका निभा रहे हैं।

मुख्यमंत्री बनने के बाद सम्राट चौधरी ने कहा कि उन्हें भाजपा ने काम करने का मौका दिया है। उन्होंने कहा कि वे करीब 30 साल से राजनीति में सक्रिय हैं और नीतीश कुमार से उन्होंने सरकार चलाने की बारीकियां सीखी हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि नई सरकार मिलकर बिहार को आगे बढ़ाने का काम करेगी।

बिहार में इस बार सत्ता का समीकरण पूरी तरह बदल गया है। अब बीजेपी के मुख्यमंत्री के साथ जेडीयू के दो डिप्टी सीएम हैं। इसे राज्य की राजनीति में बड़े बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है।

Share on