झारखंड

गिरिडीह में भीषण हादसा: तीन ट्रकों की टक्कर, आग में चालक-खलासी की मौत

गिरिडीह : गिरिडीह जिले के डुमरी थाना क्षेत्र अंतर्गत कुलगो टोल प्लाजा के पास गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। यहां तीन ट्रकों की आपस में टक्कर हो गई, जिसके बाद तीनों वाहनों में आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि एक ट्रक के चालक और खलासी वाहन में ही फंस गए और बाहर नहीं निकल सके। कुछ ही देर में दोनों की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसे में दो ट्रक पूरी तरह जलकर राख हो गए, जबकि एक ट्रक आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गया। मृतकों की पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है।

 

टोल प्लाजा के पास खड़े ट्रकों में हादसा

जानकारी के अनुसार, कुलगो टोल प्लाजा के पास सड़क किनारे कई ट्रक खड़े थे। ट्रकों के चालक और उपचालक वहीं आराम कर रहे थे। इसी दौरान बगोदर की ओर से डुमरी की तरफ आ रहा गुड़ लदा एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित हो गया और उसने सड़क किनारे खड़े मक्का लदे ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद मक्का लदा ट्रक आगे खड़े कोयला लदे ट्रक से जा टकराया। इसके बाद तीनों ट्रक आपस में भिड़ गए।

टक्कर के बाद लगी आग, उठीं ऊंची लपटें

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के तुरंत बाद ट्रकों में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और लपटें काफी ऊंचाई तक उठने लगीं। आग की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि कोई भी व्यक्ति पास जाकर मदद नहीं कर सका। गुड़ लदे ट्रक में फंसे चालक और खलासी बाहर नहीं निकल पाए और आग में जलकर उनकी मौत हो गई।

स्थानीयों ने आग बुझाने की कोशिश, दमकल ने काबू पाया

घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए और आग बुझाने की कोशिश करने लगे, लेकिन आग बहुत ज्यादा फैल चुकी थी। सूचना मिलते ही डुमरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल विभाग को जानकारी दी गई। दमकल की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

एक चालक घायल, अस्पताल में भर्ती

इस हादसे में एक अन्य ट्रक चालक भी घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत रेफरल अस्पताल, डुमरी में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार घायल की हालत फिलहाल स्थिर है।

कुछ देर बाधित रहा यातायात

हादसे के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर आवागमन प्रभावित हुआ। पुलिस ने स्थिति संभाली और धीरे-धीरे यातायात सामान्य कराया।

पुलिस जांच में जुटी

डुमरी के एसडीपीओ सुमित प्रसाद ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Share on