रांची : झारखंड के बोकारो जिले में होली क्रॉस स्कूल, बालीडीह के छात्र श्रेष्ठ कुमार ने सीबीएसई 10वीं बोर्ड परीक्षा 2026 में शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने 98.8% अंक हासिल कर जिला टॉपर बनने का गौरव प्राप्त किया।
श्रेष्ठ ने बताया कि उन्हें अच्छे नंबर आने की उम्मीद थी, लेकिन टॉपर बनेंगे, इसका अंदाजा नहीं था। उनकी इच्छा आगे चलकर सॉफ्टवेयर इंजीनियर बनने की है, इसलिए वे साइंस से आगे की पढ़ाई करना चाहते हैं। पढ़ाई को लेकर टॉपर का कहना है कि वे रोजाना 4 से 5 घंटे ही पढ़ाई करते थे। उन्होंने सोशल मीडिया से दूरी बनाई और केवल पढ़ाई के लिए यूट्यूब वीडियो की मदद ली।
अंकों की बात करें तो श्रेष्ठ ने साइंस और AI में 100-100 अंक हासिल किए हैं। इसके अलावा इंग्लिश में 98, संस्कृत में 98 और मैथ्स में 88 नंबर मिले हैं। उन्होंने अन्य छात्रों को सलाह दी कि खुद के बनाए नोट्स और लगातार प्रैक्टिस सफलता के लिए जरूरी है। शॉर्टकट अपनाने से बचना चाहिए।
श्रेष्ठ ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया। उनके पिता संतोष कुमार जैनामोड़ में मिठाई की दुकान चलाते हैं, जबकि मां सरिता बरनवाल गृहिणी हैं। बेटे की सफलता पर पूरे परिवार में खुशी का माहौल है।




