रिम्स में इलाज महंगा: 20 अप्रैल से OPD पर्ची 10 रुपये की होगी

रांची​​​​​​​ : रांची के रिम्स में इलाज कराने वाले मरीजों के लिए एक अहम बदलाव होने जा रहा है। 20 अप्रैल से ओपीडी पंजीकरण शुल्क 5 रुपये से बढ़ाकर 10 रुपये कर दिया जाएगा। यानी अब अस्पताल में पर्ची बनवाने के लिए पहले से दोगुना शुल्क देना होगा। यह फैसला शासी परिषद के पुराने निर्णय को लागू करते हुए लिया गया है।

 

इसको लेकर रिम्स के निदेशक प्रो. डॉ. राज कुमार ने अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में शासी परिषद के फैसलों और हाईकोर्ट के निर्देशों पर विस्तार से चर्चा हुई। निदेशक ने साफ कहा कि सभी फैसलों को तय समय के भीतर लागू करना जरूरी है और इसमें किसी तरह की देरी नहीं होनी चाहिए।

ओपीडी शुल्क बढ़ाने की बात पहले भी शासी परिषद की बैठक में आई थी। उस समय इस पर काफी चर्चा हुई और बाद में सहमति बन गई। अब जाकर इसे जमीन पर उतारा जा रहा है।

हालांकि इस फैसले को लेकर कुछ लोगों ने आपत्ति भी जताई थी। उनका कहना है कि रिम्स में बड़ी संख्या में गरीब और दूरदराज के मरीज इलाज के लिए आते हैं। ऐसे में फीस बढ़ने से उनकी जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। कई मरीज यहां इसलिए आते हैं क्योंकि यहां इलाज सस्ता माना जाता है।

रिम्स प्रबंधन का कहना है कि यह बढ़ोतरी बहुत मामूली है और इससे अस्पताल की सेवाओं को बेहतर करने में मदद मिलेगी। उन्होंने उदाहरण दिया कि रांची के सदर अस्पताल में पहले से ही 10 रुपये पंजीकरण शुल्क लिया जा रहा है।

जानकारों का मानना है कि भले ही यह रकम कम लगे, लेकिन रोजाना हजारों मरीजों के आने से इसका असर साफ दिखेगा। खासकर उन लोगों पर ज्यादा असर पड़ेगा जो दूर गांवों से सस्ते इलाज की उम्मीद लेकर रिम्स पहुंचते हैं।

Share on