झारखंड: रामगढ़ में पानी-बिजली संकट पर सख्त हुए सांसद मनीष जायसवाल, अधिकारियों को चेतावनी
रामगढ़ : गर्मी की दस्तक के साथ ही रामगढ़ जिले में पानी और बिजली को लेकर प्रशासन की जिम्मेदारी बढ़ गई है। इसी को लेकर जिला समाहरणालय में “दिशा” बैठक हुई। इस बैठक में सांसद मनीष जायसवाल ने साफ शब्दों में अधिकारियों को चेतावनी दी कि जनता की जरूरतों से जुड़ी योजनाओं में अब किसी तरह की ढिलाई नहीं चलेगी। उन्होंने कहा कि पानी-बिजली की व्यवस्था अगर समय पर दुरुस्त नहीं हुई तो जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई तय मानी जाए।
सांसद ने बिजली आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा करते हुए कहा कि जहां-जहां समस्या है, वहां तुरंत सुधार किया जाए। खराब ट्रांसफार्मर बदले जाएं और नए कनेक्शन से जुड़े लंबित मामलों को जल्द निपटाया जाए, ताकि लोगों को परेशानी न हो। बैठक में अन्य सरकारी योजनाओं पर भी चर्चा हुई। सांसद ने कहा कि हर जरूरतमंद तक पेंशन योजना का लाभ पहुंचे। मंईयां सम्मान योजना में आ रही समस्याओं को दूर किया जाए और सखी मंडलों को मजबूत बनाकर ज्यादा से ज्यादा लोगों को रोजगार से जोड़ा जाए।
बैठक में सड़क, शिक्षा, आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य और जलापूर्ति जैसी योजनाओं की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को साफ निर्देश दिया गया कि सभी योजनाएं तय समय पर पूरी हों और काम में किसी तरह की ढिलाई न बरती जाए। बैठक का मुख्य फोकस यही रहा कि गर्मी के दौरान लोगों को पानी और बिजली की कोई दिक्कत न हो। इसके लिए प्रशासन को तेजी से काम करने और जमीनी स्तर पर समस्याओं को तुरंत हल करने को कहा गया।





