झारखंड

रांची में दर्दनाक रेल हादसा, लोहरदगा ट्रेन से गिरकर युवक की मौत

रांची​​​​​​​ : राजधानी रांची के विधानसभा थाना क्षेत्र अंतर्गत नयासराय मठटोली अमडेला के पास एक दर्दनाक रेल हादसा हो गया। लोहरदगा जाने वाली ट्रेन से गिरने के कारण एक अज्ञात व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी मच गई। आसपास के लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए। हर कोई यही जानने की कोशिश करता रहा कि आखिर यह हादसा कैसे हुआ। पुलिस की शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मृतक चलती लोहरदगा ट्रेन में सफर कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन से नीचे जा गिरा। गिरने के बाद उसे इतनी गंभीर चोटें आईं कि उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

 

घटना की सूचना मिलते ही विधानसभा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और शव को अपने कब्जे में लिया। हादसे के बाद कुछ देर तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा। स्थानीय लोग भी घटना को लेकर हैरान दिखे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रेन से गिरने की आवाज और लोगों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़ पड़े। जब तक लोग मौके पर पहुंचे, तब तक व्यक्ति की मौत हो चुकी थी।

विधानसभा थाना प्रभारी गणेश कुमार यादव ने बताया कि मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के इलाकों में जानकारी जुटा रही है। साथ ही दूसरे थानों से भी संपर्क किया जा रहा है ताकि अगर किसी व्यक्ति के लापता होने की सूचना दर्ज हो, तो उसका मिलान किया जा सके। पुलिस मृतक के कपड़ों और हुलिए के आधार पर पहचान की कोशिश कर रही है। हालांकि खबर लिखे जाने तक कोई सफलता नहीं मिली थी।

पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है। थाना प्रभारी ने कहा है कि अगर कोई व्यक्ति मृतक के हुलिए या कपड़ों के आधार पर पहचान कर सकता है, तो तुरंत विधानसभा थाना से संपर्क करे। इससे मृतक की पहचान करने और उसके परिजनों तक सूचना पहुंचाने में मदद मिलेगी। फिलहाल पुलिस इस मामले को सिर्फ हादसे के तौर पर नहीं देख रही है। जांच इस बात की भी की जा रही है कि यह महज दुर्घटना थी या इसके पीछे कोई और वजह है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर तस्वीर और साफ हो सकेगी।

Share on