झारखंड

अवैध कोयला खनन के विरोध में ग्रामीणों का उग्र प्रदर्शन, सड़क जाम कर जताया आक्रोश

धनबाद  :  जिले के तेतुलमारी थाना क्षेत्र अंतर्गत दलाहीटांड़ में अवैध कोयला उत्खनन के विरोध में ग्रामीण सड़क पर उतर आए हैं। आक्रोशित ग्रामीणों  ने तेतुलमारी -राजगंज मुख्य सड़क को घंटों जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और घंटों यातायात प्रभावित रहा। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि अवैध खनन की वजह से गांव की सड़कें खराब हो रही हैं। लोगों ने आशंका जताई कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई हीं तो यहां भी टांडाबड़ी जैसी बड़ी घटना हो सकती है।

 

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि रात के समय बड़े पैमाने पर अवैध कोयला खनन और ढुलाई की जाती है। इससे गांव में हमेशा दुर्घटना का खतरा बना रहता है। लोगों ने कहा कि छोटे बच्चे और बुजुर्ग सड़क पार करने में भी डरते हैं क्योंकि तेज रफ्तार हाइवा और ट्रकों की आवाजाही लगातार बनी रहती है। प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने भी खुलकर विरोध जताया। उनका कहना था कि धूल और प्रदूषण की वजह से लोगों का स्वास्थ्य खराब हो रहा है।

प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन और पुलिस के खिलाफ भी नाराजगी जताई। लोगों का आरोप था कि सब जानकारी में होने के बावजूद अवैध कारोबार पर रोक नहीं लगाई जा रही है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और बड़ा किया जाएगा। सड़क जाम की सूचना मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की और कार्रवाई का भरोसा दिया। इसके बाद धीरे-धीरे जाम हटाया गया। धनबाद के कई इलाकों में अवैध कोयला खनन को लेकर पहले भी तनाव और विरोध प्रदर्शन हो चुके हैं। कई बार ग्रामीणों और कथित कोयला तस्करों के बीच झड़प की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते सख्ती नहीं हुई तो हालात और बिगड़ सकते हैं।

Share on