IPL 2025

लंबे इंतज़ार के बाद IPL 2026 में नए जोश के साथ लौटेगी लखनऊ सुपर जायंट्स

लखनऊ के इकाना स्टेडियम में तीन मैच होंगे. पहला एक अप्रैल, दूसरा पांच अप्रैल और तीसरा मैच 12 अप्रैल को होगा.

 

 

लखनऊ : IPL में लखनऊ सुपर जाइंट्स (LSG) के लिए तीन साल के सूखे को समाप्त करने का मौका है. यह सीजन खास महत्व रखता है. पिछले तीन सालों से प्लेऑफ में जगह नहीं बना पाने का सूखा इस बार खत्म करने का सुनहरा मौका टीम के पास है. ऋषभ पंत की दूसरी बार कप्तानी, नई लाल जर्सी और ब्रांड न्यू लोगो के साथ LSG एक नई शुरुआत की ओर बढ़ रही है. 2022 में अपनी शुरुआत के बाद LSG ने पहले दो सीजन (2022 और 2023) में प्लेऑफ में जगह बनाई थी, लेकिन 2024 और 2025 में टीम निराशाजनक प्रदर्शन के साथ सातवें और छठे स्थान पर रही. 2025 में मात्र 6 जीत के साथ प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई. टीम के मालिक संजीव गोयनका ने साफ कहा है कि इस बार प्लेऑफ पहुंचना काफी नहीं, ट्रॉफी जीतना जरूरी है. उन्होंने कहा, हमारी पहचान अभी विकसित हो रही है. ट्रॉफी उठाए बिना सम्मान नहीं मिलता. 

गेंदबाजी पर फोकस : इस सीजन ऋषभ पंत 27 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड फीस के साथ टीम की कप्तानी संभाल रहे हैं. पिछले सीजन में उनकी बल्लेबाजी औसत रही, लेकिन अब वे अपनी फॉर्म वापस लाने और टीम को मजबूत नेतृत्व देने की तैयारी में हैं. ऋषभ पंत ने कहा कि गेंदबाजी पर फोकस है. पूर्व भारतीय गेंदबाजी कोच भारत अरुण को टीम में शामिल किया गया है, जो युवा तेज गेंदबाजों को निखारने में मदद करेंगे.

नई जर्सी और नए लोगो में दिखेगी टीम : मोहम्मद शमी, मयंक यादव, मोहसिन खान और अन्य गेंदबाजों के साथ LSG की पेस अटैक अब पहले से बेहतर हुई है. टीम की सबसे बड़ी खासियत इस बार उसकी नई ब्रांडिंग है. LSG ने नया लोगो और नई जर्सी पेश की है. पुरानी ब्लू थीम को छोड़कर अब मुख्य रंग लाल हो गया है, जो तीव्रता, जोश और आक्रामकता का प्रतीक है.

नई जर्सी में यूपी की सांस्कृतिक धरोहर : नया लोगो तीन शक्तिशाली प्रतीकों गरुड़, क्राउन और हाथी को समेटे हुए है. गरुड़ साहस का प्रतीक है, क्राउन गर्व और जिम्मेदारी का, जबकि हाथी लखनऊ और उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को दर्शाता है. संजीव गोयनका ने कहा कि यह लोगो शहर, राज्य और फैंस की भावनाओं को प्रतिबिंबित करता है. नई जर्सी लाल, नीले और गोल्डन टोन में डिजाइन की गई है, जो उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर से प्रेरित है. जर्सी न सिर्फ आधुनिक और बोल्ड है, बल्कि टीम की नई पहचान भी दर्शाती है. कप्तान ऋषभ पंत ने कहा कि टीम तैयार है. फैंस भी इस नए लुक से काफी उत्साहित हैं.

इकाना में होंगे तीन मैच : लखनऊ के तीन मैच फिलहाल घोषित किए गए हैं. जिसमें पहला एक अप्रैल, दूसरा पांच अप्रैल और तीसरा मैच 12 अप्रैल को होगा. इकाना स्टेडियम में इंडियन प्रीमियर लीग के मुकाबले के लिए जबरदस्त तैयारी की जा रही है. स्टेडियम के निदेशक उदय सिन्हा ने बताया कि इंडियन प्रीमियर लीग के लिए सभी तैयारियां पूरी कर दी गई हैं. इस बार भी यादगार मुकाबले होंगे.

Share on