आरपीएफ लोहरदगा का “ऑपरेशन अमानत” सफल, यात्रियों की खोई संपत्ति बरामद
लोहरदगा : रेल सुरक्षा बल (RPF) पोस्ट लोहरदगा ने एक बार फिर अपनी तत्परता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए “ऑपरेशन अमानत” के तहत यात्रियों की खोई हुई संपत्ति सुरक्षित बरामद कर उन्हें वापस सौंप दी।
20 अप्रैल 2026 को लोहरदगा आरपीएफ टीम ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की। पहले मामले में यात्री कलाश्री उरांव (लोहरदगा) का बैग रांची-लोहरदगा ट्रेन (संख्या 68027) से उतरते समय छूट गया था, जिसमें घरेलू सामान था। दूसरे मामले में यात्री सुक्रू उरांव (लोहरदगा) का बैग भी यात्रा के दौरान ट्रेन में छूट गया, जिसमें नकद राशि और कपड़े रखे हुए थे।
ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ स्टाफ ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तोरी स्टेशन स्थित कैंपिंग स्टाफ को सूचना दी। ट्रेन के तोरी स्टेशन पहुंचने पर दोनों बैग बरामद किए गए और उन्हें आगे लोहरदगा स्टेशन भेजा गया। लोहरदगा स्टेशन पर बैग प्राप्त कर यात्रियों को सूचना दी गई। आवश्यक सत्यापन के बाद दोनों यात्रियों को उनकी संपत्ति सुरक्षित रूप से सौंप दी गई।
बरामद की गई संपत्ति का कुल अनुमानित मूल्य लगभग ₹14,000 बताया गया है। यात्रियों ने आरपीएफ की इस तत्परता और ईमानदारी के लिए आभार व्यक्त किया।
इस सराहनीय कार्य में एएसआई एम. के. सिंह, हेड कॉन्स्टेबल रंजीत दास और कॉन्स्टेबल धर्मेंद्र कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कमांडेंट श्री पवन कुमार के निर्देशन में आरपीएफ लगातार यात्रियों की सुरक्षा और उनकी खोई हुई संपत्ति को वापस दिलाने के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। “ऑपरेशन अमानत” के तहत ऐसे प्रयास लगातार जारी हैं।




